Wednesday, October 21st, 2026

कोरोनाकाल: एक साल घट गई अमेरिकियों की उम्र, हालिया रिपोर्ट में आया सामने

वॉशिंगटन 
कोरोनाकाल में अमेरिकियों की उम्र औसतन एक साल तक घट गई। नेशनल सेंटर फॉर हेल्थ स्टैटिस्टिक्स की हालिया रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक 2019 में अमेरिकियों की औसत जीवन प्रत्याशा 78.8 साल दर्ज की गई थी। 2020 की पहली छमाही में यह आंकड़ा घटकर 77.8 वर्ष पर पहुंच गया। इसे 1940 के दशक के बाद अमेरिकियों की औसत जीवन प्रत्याशा में सबसे बड़ी कमी बताया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में कोरोना का कहर बढ़ने पर अश्वेतों की उम्र में सबसे ज्यादा 2.7 साल की गिरावट रिकॉर्ड की गई। 2019 में अश्वेतों की औसत जीवन प्रत्याशा जहां 74.7 साल थी। वहीं, 2020 की पहली छमाही में यह घटकर 72 वर्ष पर पहुंच गई।

श्वेत समुदाय की आयु में मामूली कमी आई
हिस्पैनिक समुदाय की बात करें तो 2020 में उसमें शामिल लोगों की औसत जीवन प्रत्याशा 2019 के 81.8 वर्ष से 1.9 साल घटकर 79.9 वर्ष हो गई। वहीं, श्वेत समुदाय की औसत उम्र 2019 में 78.8 साल दर्ज की गई थी। 2020 की पहली छमाही में यह 78 वर्ष हो गई। कोरोनाकाल में अमेरिका में श्वेत और अश्वेत समुदाय के लोगों की औसत जीवन प्रत्याशा में मौजूद फासला बढ़कर छह साल हो गया। यह आंकड़ा साल 2019 से 46 फीसदी ज्यादा है। 1998 के बाद से इसे दोनों समुदायों की औसत उम्र में आया सबसे बड़ा अंतर बताया जा रहा है।

श्वेत और अश्वेत समुदाय में इतना अंतर क्यों
प्रिंसटन यूनवर्सिटी की वरिष्ठ डेमोग्राफी विशेषज्ञ नोरीन गोल्डमैन श्वेत और अश्वेत समुदाय के लोगों की औसत आयु में अंतर बढ़ने के लिए दो कारकों को जिम्मेदार ठहराती हैं। पहला, कोविड-19 के खिलाफ जंग में ज्यादातर अश्वेत और हिस्पैनिक समुदाय के लोगों का अग्रिम मोर्चे पर तैनात होना। दूसरा, श्वेत अमेरिकियों के मुकाबले उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित पहुंच हासिल होना।

सालभर में और ज्यादा गिरावट का अंदेशा
रिपोर्ट में अमेरिका में कोरोना संक्रमण से जून 2020 तक हुई मौतों के आधार पर ही लोगों की औसत जीवन प्रत्याशा का आकलन किया गया है। इसमें ड्रग्स के ओवरडोज से होने वाली मौतों पर भी नहीं गौर किया गया है, जिससे जीवन प्रत्याशा में हर वर्ष 0.1 से 0.2 साल की कमी देखने को मिलती है। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि 2020 में अमेरिकियों की औसत उम्र 1.13 साल तक घट गई होगी।

 

#कोरोनाकाल

Source : Agency

पाठको की राय